महेवा ब्लाक के ग्राम निवाड़ी कला में किसान की 5 बीघा धान जली: पड़ोसी के खेत में पराली जलाने से लगी आग, पुलिस जांच में जुटी

बकेवर थाना क्षेत्र के निवाड़ी कलाां कस्बे में रविवार दोपहर एक किसान की पांच बीघा धान की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह घटना दोपहर लगभग 3 बजे हुई, जिसमें किसान महावीर सिंह को करीब 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान होने का अनुमान है।
किसान महावीर सिंह ने बताया कि आग पड़ोसी के खेत में पराली जलाने के कारण फैली। हवा तेज होने से आग उनकी फसल तक पहुंच गई और देखते ही देखते धान की फसल जलकर नष्ट हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि आग ने विकराल रूप ले लिया था, हालांकि आसपास काम कर रहे किसानों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तहसीलदार भर्थना दिलीप सिंह ने बताया कि किसान की शिकायत पर पराली जलाने वाले से जुर्माना वसूला जाएगा।
किसान महावीर सिंह ने शासन से आग से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है।













