
महेवा ब्लॉक परिषदीय विद्यालयों का रवैया बदस्तूर जारी, समयपालन शून्य
महेवा। परिषदीय विद्यालयों का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह प्राथमिक विद्यालय निवाड़ी कलां का हाल शिक्ष व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।
सुबह 9:15 बजे तक एक भी शिक्षक विद्यालय नहीं पहुँचा, जबकि छोटे बच्चे स्कूल प्रांगण में अकेले खेलते नजर आए।
विद्यालय में लगभग पाँच शिक्षक तैनात हैं, लेकिन किसी का भी समय पर न पहुँचना शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है। यह विद्यालय अछल्दा–महेवा मुख्य मार्ग पर स्थित है। जब मुख्य सड़क पर स्थित स्कूल का यह हाल है, तो दूरस्थ विद्यालयों की स्थिति का अंदाज़ा सहज ही लगाया जा सकता है।
स्थानीय अभिभावकों ने इसे बच्चों के शिक्षा के अधिकार का स्पष्ट हनन बताया और कहा कि विभागीय अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे मामले का संज्ञान लेते हुए समयपालन पर कठोर कदम उठाएं।












