चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे कार सवार—हाईवे पर मचा हड़कंप
इटावा- जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक एक क्रेटा कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। तेज लपटें और उठते घने धुएं को देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। अचानक कार से निकलने लगा धुआंप्र प्रक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार से धुआं निकलना शुरू हुआ, वाहन चालक ने तुरंत कार को रोक दिया। कार में सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहगीरों ने भी उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचने में मदद की। इस बीच कार में आग तेजी से फैलती चली गई और ऊंची ऊंची लपटें उठने लगी । सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के रहने वाले कार सवार
मिली जानकारी के अनुसार, कार स्वामी चमन कुमार सोनी, निवासी सिविल लाइन रीवा (मध्यप्रदेश), अपने परिजनों के साथ दिल्ली से रीवा लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे उन्हें कार के इंजन में अत्यधिक गर्मी महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने नजदीकी किसी एजेंसी या सर्विस प्वाइंट की तलाश में कार को पकके बाग की ओर मोड़ा। तभी अचानक कार से धुआं उठना शुरू हो गया और कुछ ही क्षण में आग भड़क उठी।













