भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 04 दिसंबर 2025/
जिला बलरामपुर मे अवैध धान परिवहन पर नकेल कसने प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। बीती देर रात लगभग 1 बजे कलेक्टर राजेंद्र कटारा अचानक तहसील रामचंद्रपुर के अंतर्राज्यीय अनिरुद्धपुर नाका पहुंच गए। कलेक्टर की गाड़ी रुकते ही नाका में मौजूद कर्मचारियों में हलचल मच गई।
कलेक्टर ने मौके पर ही निर्देश दिए कि आने-जाने वाले सभी वाहनों की कड़ाई से जांच की जाए और हर एंट्री रजिस्टर में दर्ज हो। उन्होंने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि सीमा नाकों पर चौकसी में जरा भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन जांच अनिवार्य है और संदिग्ध पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

क्लेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है कि धान खरीदी का लाभ केवल पात्र किसानों को ही मिले। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई निश्चित है।
ध्यान देने योग्य है कि जिले में धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिले के आला अधिकारी लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। अवैध भंडारण और परिवहन को रोकने विविध टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई जारी है।













