अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला कफ सिरप से मौतों पर बुलडोजर कहां गया

इटावा : समाजवादी पार्टी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए गंभीर सवाल उठाया है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में दवा कंपनियों द्वारा निर्मित ‘कफ सिरप’ से हुई कथित मौतों को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवालिया निशान लगाया और कहा, “इन कफ सिरप ने न जाने कितनों की जान ली है। वैसे तो बुलडोजर तैयार रहता है, लेकिन इधर बुलडोजर का पता ही नहीं है कि कहां है, चाभी खो गई।”
अखिलेश यादव का यह बयान उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में बुलडोजर द्वारा अवैध निर्माण पर कार्रवाई की हाल की घटनाओं के बीच आया है। भाजपा नेताओं द्वारा अवैध कब्ज़ों और अपराधियों के खिलाफ “बुलडोजर एक्शन” को कड़ी कार्रवाई के प्रतीक के तौर पर पेश किया जाता रहा है। यादव ने इसी प्रतीक का इस्तेमाल करते हुए सरकार से पूछा कि जब दवा कंपनियों द्वारा बनी दोषपूर्ण दवाओं से मौतें हो रही हैं, तब उनके खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।












