उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सकरार थाना क्षेत्र में चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक में टिशू पेपर लदा हुआ था, जो आग लगते ही तेजी से जलने लगा। आग की चपेट में आने के बाद ट्रक में लगे CNG सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे आग और भी भड़क उठी।
ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आग लगने की वजह क्या रही।














