निवाड़ी कलां में पारिवारिक कलह ने ली युवती की जान, कुएं में कूदकर 19 वर्षीय राधा ने दी आत्महत्या

अहेरीपुर (इटावा)।
थाना बकेवर क्षेत्र के कस्बा निवाड़ी कलां में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ पारिवारिक कहासुनी से आहत होकर 19 वर्षीय युवती राधा ने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों के पास बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे राधा अचानक घर से निकली और कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब राधा के छोटे भाई कृष्णा ने उसे कुएं में कूदते हुए देख लिया और शोर मचा दिया।
शोर सुनते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद राधा को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन शव को घर ले गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतका राधा अपने परिवार में तीसरे नंबर की पुत्री थी। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि परिवार में तीन छोटी बहनें और एक भाई भी हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विपिन मलिक एवं चौकी प्रभारी धीरेंद्र पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और मृतका के पिता हरीशंकर सहित अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।










