
अहेरीपुर। महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर स्थित कस्बा निवाड़ी कलां में बीती रात एक घर में अचानक आग लगने से नवविवाहित दंपती का लाखों रुपये का गृहस्थी सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित संदीप कुमार ने बताया कि इस हादसे में करीब एक लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।
पीड़ित के अनुसार उनके घर में विद्युत कनेक्शन नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार रात घर में रखी मोमबत्ती के जलने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आकर फ्रिज, कुर्सी सेट, मिक्सी मशीन, एलसीडी टीवी, गैस चूल्हा, सिंगल बेड, गेहूं सहित पहनने के कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।
कुछ माह पूर्व संदीप कुमार का विवाह सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हुआ था। योजना के तहत मिला अधिकांश गृहस्थी का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। राहत की बात यह रही कि आग गैस सिलेंडर तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों की तत्परता से रात में ही आग पर काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर प्रधान प्रतिनिधि धीरज सिंह ने पीड़ित से मुलाकात कर उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर पीड़ित को सहायता दिलाई जाएगी।
वहीं, क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।












