इकदिल। थाना क्षेत्र के गांव आराही जादौपुर के पास स्थित एक आरा मशीन कारखाने पर चोरो ने धावा बोलकर लाखों रूपये के सामान को पार कर दिया। बताया गया कि गुरुवार देर रात चोरों ने बेखौफ होकर लाखों का सामान पार कर दिया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती आजाद नगर निवासी फैजुल्ला रहमान पुत्र इलाहीवक्स का आरा मशीन कारखाना गांव के पास स्थित है। पीड़ित के अनुसार चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कारखाने में घुस आए और आरा मशीन में लगी तीन मोटरों को खोलकर ले गए। इतना ही नहीं चोर एक प्रेशर मशीन और कारपेंटर का अन्य कीमती सामान भी समेट ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह जब फैजुल्ला रहमान रोजाना की तरह कारखाना खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मशीनों से मोटरें गायब थीं और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस न तो गश्त बढ़ा रही है और न ही किसी घटना का खुलासा कर पा रही है। लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सतर्क रहती तो इस तरह की वारदातों को रोका जा सकता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय लोग भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।














