भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
कुसमी/बलरामपुर 09 मई 2026। मुंबई, महाराष्ट्र की उभरती हुई बाल पर्वतारोही ग्रिहिता विचारे ने छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पीक पर सफल चढ़ाई कर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इस अभियान में उनके पिता सचिन विचारे भी उनके साथ मौजूद रहे।
“बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” का संदेश लेकर आगे बढ़ रही ग्रिहिता कम उम्र में ही कई अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं। इनमें एवरेस्ट बेस कैंप, माउंट किलिमंजारो तथा माउंट किनाबालु जैसी कठिन चोटियां शामिल हैं।

गौरलाटा अभियान के दौरान सरपंच संघ अध्यक्ष संतोष इंजीनियर ने ग्रिहिता का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं देश का गौरव हैं और युवाओं को साहस, अनुशासन तथा प्रकृति प्रेम की प्रेरणा देती हैं। साथ ही उन्होंने ग्रिहिता को भविष्य में माउंट एवरेस्ट फतह करने की शुभकामनाएं भी दीं।
ग्रिहिता की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों एवं पर्वतारोहण प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।