
निवाड़ी कलां (इटावा)। विकास खंड महेवा के निवाड़ी कलां कस्बे में आयोजित जय पांडरी वाले बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सोनू माथुर, डॉ. अमित तथा समाजसेवी चक्की विशाल माथुर उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. सोनू माथुर ने कहा कि क्रिकेट अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का खेल है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। डॉ. अमित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे खेल समारोह स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। वहीं चक्की विशाल माथुर ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती हैं।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और दर्शकों में टूर्नामेंट को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।










