उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बस और स्कॉर्पियो के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, भेसकी पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी सैदाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
हंडिया से इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।














