गोविंदपुरी में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या
दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मां शारदा और उनके बेटे कुशल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों की लाशें घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, वारदात का पता तब चला जब परिवार का मुखिया घर पहुंचा। घर के अंदर पत्नी और बेटे की लाश देखकर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर की अलमारी में रखे कैश और जेवरात गायब हैं। ऐसे में पुलिस लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जता रही है। घर में सामान भी बिखरा मिला है। दोनों के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान पाए गए हैं।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














