
मेरा कोई कुछ नहीं उखाड़ सकता…” कथित बयान से मचा बवाल, निवाड़ी कला में कथित झोलाछाप चिकित्सक पर गंभीर आरोप; स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
महेवा (इटावा)। महेवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम निवाड़ी कला में संचालित एक कथित झोलाछाप चिकित्सक डॉ. एस. सरकार (सुखन सरकार) को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि कार्रवाई की चर्चा होने पर चिकित्सक ने कथित रूप से कानून, प्रशासन और पत्रकारों को चुनौती देते हुए कई आपत्तिजनक बातें कहीं। इन दावों के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार चिकित्सक ने कथित तौर पर कहा, “मेरा कोई कुछ नहीं उखाड़ सकता। मैं 2017 में भी जेल जा चुका हूं। उसके बाद भी मेरे ऊपर कई बार जांच बैठ चुकी है, लेकिन कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाया। सीएमओ कार्यालय में इतने दलाल हैं कि 10 से 20 हजार रुपये देकर अच्छे-खासे काम निकलवा सकता हूं। तुम आज के पत्रकार मेरा क्या उखाड़ लोगे। न ही मेरा नोडल अधिकारी डॉ. सत्येंद्र मेरा कुछ कर सकता है और न ही कोई अन्य अधिकारी। पहले भी कई बार जांच हुई, लेकिन हर बार मुझे छोड़ दिया गया।”
यदि इन कथित बयानों की पुष्टि होती है, तो यह मामला केवल अवैध चिकित्सा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करेगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना वैध पंजीकरण के इलाज और जांच का कार्य किए जाने की शिकायतें होती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़े हैं।
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा शासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित बयानों की सत्यता की जांच करने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की मांग की है।










