भक्ति और उल्लास के साथ निकली 108 मंगल कलश यात्रा, 30वां श्रीनवदुर्गा पूजा महोत्सव शुरू
भरथना: माॅं भगवती की भक्ति, जयकारों की गूंज और अभूतपूर्व उत्साह के साथ कस्बा के मुहल्ला मोतीगंज स्थित राजाराम पीतल वालों के हाता में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 30वें ‘श्रीनवदुर्गा पूजा महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीनवदुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में रविवार शाम को मां ज्वाला देवी की अखंड दिव्य ज्योति के साथ 108 मंगल कलशों की एक अलौकिक एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई।

नगर भ्रमण के दौरान मां ज्वाला देवी की दिव्य ज्योति के साथ शोभा यात्रा निकाली गई
पीले और लाल परिधानों में सजी महिलाओं व युवतियों ने अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर नगर के प्रमुख मार्गों और मंदिरों का भ्रमण किया। आचार्य अमित मिश्रा व राहुल दीक्षित द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रों के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलशों को महोत्सव पंडाल में स्थापित कराया गया। समिति के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने जानकारी दी कि 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय महोत्सव में श्रद्धालुओं को प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के भव्य दर्शन प्राप्त होंगे। सांयकाल प्रतिदिन संगीतमयी आरती और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर समिति संरक्षक रूपकिशोर गुप्ता ‘रूपे’, नेक्से पोरवाल, हरिओम दुबे, महामंत्री ओम जी पोरवाल, कोषाध्यक्ष विपिन पोरवाल, सोनू गुप्ता, भरत पोरवाल, गोपाल चौबे, ऋतिक पोरवाल, शैलेंद्र पोरवाल राजू माहेश्वरी, राहुल चौरसिया, नितिन यादव, राघव दुबे, भोला सिंह, चेतन स्वरूप तथा सभासद प्रबल कश्यप छेदीलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Atul Kumar- 6396163159












