उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बेखौफ बदमाशों ने सैलून के अंदर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात अल्लापुर इलाके के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरविंद पासी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद पासी सैलून में शेविंग करा रहे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि अरविंद सितंबर 2025 में हुए साजन मेहर हत्याकांड के मुख्य गवाह थे। उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही थीं। परिवार ने इस हत्या के पीछे गवाही से जुड़े मामले की आशंका जताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। अब पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।














