ग्रेटर नोएडा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बादलपुर पुलिस और ANTF ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, तस्करों ने गांजे की खेप को ट्रक में छिपाने के लिए डीजल टैंक जैसी गुप्त कैविटी बना रखी थी। इसी में गांजे को छिपाकर ले जाया जा रहा था। आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर गुरुग्राम जा रहे थे।
पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी का यह मामला सामने आया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।













