हैदराबाद में पेड़ पर उतरा ट्रेनिंग विमान, कैडेट घायल
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग का मामला सामने आया है। यहां गोलकोंडा स्थित आर्मी कैंटोनमेंट क्षेत्र में एक Cessna 152 विमान को आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में एक कैडेट और प्रशिक्षक सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान वह एक पेड़ पर जा पहुंचा। इस घटना में विमान में सवार कैडेट के सिर में चोट आई। घायल कैडेट को तत्काल आर्मी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए। राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद प्रशिक्षक सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
घटना के बाद विमान की आपात लैंडिंग के कारणों को लेकर जांच की तैयारी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA इस पूरे मामले की जांच करेगा। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि विमान को आपात स्थिति में उतारने की नौबत क्यों आई।
फिलहाल घायल कैडेट की स्थिति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर जानकारी सामने आने का इंतजार है।














