भरथना: कस्बा अंतर्गत मोहल्ला कृष्णा नगर पुलिया के पास रखी गुमटियों के पीछे लगे खजूर के पेड़ में आग लगने से अफरा तफरी मच गई, मौजूद लोगों की तत्परता से पास ही स्थित बंद धान मिल के मैदान में पकी खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आने से बाल बाल बच गई। सूचना पर दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाया गया। बीड़ी की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई गई।

रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे उपरोक्त जगह पर रखी हेयर कटिंग आदि गुमटियों के पीछे पड़े कूड़े के ढ़ेर में किसी कारण लगी आग से पास ही लगा खजूर का पेड़ धधकने लगा, पेड़ से धुआं निकलता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई, पेड़ में लगी आग की कुछ चिंगारी पास ही स्थित पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव के बंद धान मिल के मैदान में पकी खड़ी गेंहूं की फसल में जाने पर आसपास के लोग बाल्टी,डिब्बो में पानी लेकर गेंहूं की फसल को बचाने में जुट गए और मौके पर मौजूद पूर्व सभासद निहालुद्दीन आदि ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने सुलगती बीड़ी कूड़े में ढेर में फेंकने से आग लगने की आशंका जताई।
सूचना पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर पेड़ में धधकती आग व आसपास पानी डालकर काबू पा लिया। इस दौरान मौके पर पहुँचे पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव ने बताया कि लोगो की तत्परता से लगभग 20 बीघा क्षेत्र में पकी खड़ी गेंहूं की फसल बाल बाल बच गई।














