वीरपुर में चला स्वच्छता अभियान, बिना सुरक्षा किट के जुटे सफाई कर्मी — चार न्याय पंचायतों के 25 कर्मचारी लगाए गए सफाई में

महेवा ब्लॉक के ग्राम वीरपुर में सोमवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान की कमान चार न्याय पंचायतों के सफाई कर्मचारियों ने संभाली। गांव में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने यह विशेष अभियान चलाया।

मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों ने बताया कि एक दिन के लिए चार न्याय पंचायतों से कुल 25 सफाई कर्मचारी वीरपुर भेजे गए हैं ताकि पूरे गांव में सफाई कार्य सुचारु रूप से किया जा सके। हालांकि, अभियान के दौरान साफ दिखाई दिया कि अधिकांश सफाई कर्मियों के पास सुरक्षा उपकरणों का अभाव है। किसी के पास दस्ताने, मास्क, जूते या सैनिटाइज़र नहीं था। सफाई कर्मियों ने बताया कि उन्हें कोई सुरक्षा सामग्री नहीं दी गई है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
गांव में जगह-जगह पानी भरा हुआ है, जिसके निकास के लिए पंपिंग सेट लगाया गया है। प्रधान प्रतिनिधि कल्लू तिवारी ने बताया कि दोनों तालाबों का पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट चालू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि गांव में फॉगिंग मशीन खराब हो गई थी, जिसे तुरंत बदलने की व्यवस्था की जा रही है। नई मशीन आने के बाद गांव में घर-घर दवा का छिड़काव कराया जाएगा।

वहीं, गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगातार चौथे दिन स्वास्थ्य शिविर लगाया। इस दौरान ग्रामीणों की टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू और शुगर की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।













