भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर 13 जनवरी 2026/संक्रांति के पावन पर्व पर आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 को लेकर जिला बलरामपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। 14 जनवरी को इस भव्य आयोजन का शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे, जहां वे जिले को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
महोत्सव से पहले व्यवस्थाओं की हकीकत परखने सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर रमनलाल के साथ मेला स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, रेड क्रॉस अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान तपेश्वर महादेव मंदिर, मुख्य मंच, सामूहिक विवाह स्थल, विभागीय स्टॉल, बैठक व सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, वहीं कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूरी तरह सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
200 जोड़े एक साथ बंधेंगे विवाह बंधन में
14 जनवरी को तातापानी महोत्सव के तहत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा, जो इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा पैरासेलिंग से लेकर रंगारंग सांस्कृतिक संध्या तक

इस वर्ष महोत्सव में रोमांच का तड़का भी लगेगा। मेला स्थल एवं आरागाही हवाई पट्टी पर पैरासेलिंग जैसी साहसिक गतिविधियाँ लोगों को आकर्षित करेंगी। वहीं सांस्कृतिक संध्याओं में स्कूली बच्चों, स्थानीय कलाकारों और आमंत्रित कलाकारों की प्रस्तुतियाँ माहौल को यादगार बना देंगी।
तातापानी महोत्सव 2026 आस्था, संस्कृति, रोमांच और विकास का ऐसा संगम बनने जा रहा है, जो लंबे समय तक लोगों की यादों में रहेगा।














