भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
संयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में आज जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई गई और रोकथाम के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि ब्लैक स्पॉट्स और संभावित दुर्घटना क्षेत्रों की पहचान कर वहां तुरंत सुधार कार्य किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, जागरूकता बोर्ड, और रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य किया जाए।

हादसों से बचाने के लिए ज़मीन पर उतरेंगे ये कदम:
तेज़ रफ्तार पर लगाम: स्पीड कंट्रोल बोर्ड्स और गति अवरोधकों की संख्या बढ़ाई जाएगी
अंधे मोड़ों पर चेतावनी संकेतक: दुर्घटनाजनक क्षेत्रों में संकेतक चिन्हों की पर्याप्त व्यवस्था
आवारा पशुओं पर नियंत्रण: सड़कों पर घूमते पशुओं को रेडियम बेल्ट पहनाने और प्रबंधन के निर्देश
यातायात शिक्षा: स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने का अभियान

कलेक्टर कटारा ने यह भी कहा कि आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएं। हेलमेट पहनना, सीमित गति, और नशे में वाहन न चलाना जैसे बिंदुओं पर विशेष ज़ोर दिया गया।

बैठक में सभी विभागीय अधिकारी और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे। अब देखने वाली बात होगी कि ज़मीनी स्तर पर इन निर्देशों का कितना असर पड़ता है।














