पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बुधवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता लंबी कतारों में अपने मतदान अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर बिजली काटकर मतदान प्रक्रिया को धीमा किया जा रहा है।
राजद ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा —
«“प्रथम चरण की वोटिंग के मध्य में महागठबंधन के मजबूत बूथों पर धीमा मतदान कराने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है। जानबूझकर स्लो वोटिंग कराई जा रही है।”»
राजद ने चुनाव आयोग को टैग करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की और इसे दुर्भावनापूर्ण प्रयास बताया।
इस पर चुनाव आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कहीं भी मतदान बाधित नहीं हुआ है। आयोग ने स्पष्ट किया कि सभी मतदान केंद्रों पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था, जैसे जनरेटर और बैकअप पावर, पहले से मौजूद हैं।
आयोग के अनुसार, “बिहार में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से चल रहा है। किसी भी बूथ से बिजली बाधा की कोई आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।”














