इटावा। महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर, वीरपुर, जगमोहनपुर, सलेमपुर समेत सैकड़ों गाँवों में शुक्रवार की हल्की सी रिमझिम बारिश ने बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। गाँवों में घंटों तक अंधेरा पसरा रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते मामूली बारिश में भी आपूर्ति ठप हो जाती है। “बिजली बिल तो हद से ज्यादा आता है, लेकिन बिजली मिलना टेढ़ी खीर है,” ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पिछले कई महीनों से बिजली की हालत बद से बदतर होती जा रही है। आए दिन कटौती और लंबे समय तक गुल रहने से लोग त्रस्त हैं। किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इस बदहाल बिजली व्यवस्था के लिए जिम्मेदार कौन है? विभागीय अधिकारी इस पर मौन साधे बैठे हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, अन्यथा बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।













