भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,कुसमी 07 सितंबर 2025/ जिला बलरामपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम हंसपुर में शराबी पति ने आपसी विवाद के बाद पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में दफना दिया। तीन दिनों तक गायब रही महिला की तलाश में जुटी पुलिस ने आखिरकार मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया।
मामला 1 सितंबर का है, जब ग्राम हंसपुर निवासी हीरालाल कुजूर पिता प्रेमसाय कुजूर उम्र 45 वर्ष ने अपनी पत्नी कलावती के साथ जंगल गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और शराब के नशे में धुत हीरालाल ने पत्नी के सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी घर लौट आया और परिजनों को बहाना बनाया कि पत्नी नाराज होकर कहीं चली गई है।
परिजनों की शिकायत पर थाना कोरंधा पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की। 4 सितंबर को हंसपुर के हुटार जंगल में मिट्टी में दबा हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर सिर्फ एक हाथ बाहर दिखाई दे रहा था। शव को बाहर निकालकर पहचान कराई गई तो वह मृतका कलावती निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत सिर पर चोट लगने से होना पाई गई।
कड़ी पूछताछ में हीरालाल कुजूर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि हत्या के बाद उसने शव को जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।














