इटावा। जिले में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) का कथित रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मामले में कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. (डॉ.) रामशंकर कठेरिया ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर डीपीआरओ बनवारी लाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
कठेरिया ने अपने पत्र में नाराज़गी जताते हुए लिखा कि इस तरह के मामलों में प्रशासन को तत्काल और सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि शासन-प्रशासन की छवि बनी रहे। उन्होंने आरोपी अधिकारी को पद से हटाकर अन्य विभाग में संबद्ध करने की मांग भी की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस मामले को लेकर जिले की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।














