भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर 14 जनवरी 2026/ राज्य शासन के निर्देशों के तहत जिला बलरामपुर में धान के अवैध परिवहन, संग्रहण एवं पुराने व गैरकानूनी धान की बिक्री पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बिचौलियों एवं कोचियों के जरिए हो रहे अवैध धान विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा स्वयं विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को कड़े निर्देश दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में चांदो धान उपार्जन केन्द्र में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ग्राम पंचायत कुरडीह निवासी रामकिशुन द्वारा एक पिकअप वाहन के माध्यम से 65 बोरी अवैध धान बेचने का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धान को जब्त कर लिया और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष खरीदी सुनिश्चित करें।














