भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफी आलम (सैफ)
कुसमी,बलरामपुर 19 मई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे चार दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन के तहत सोमवार को कुसमी ब्लॉक मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट एवं आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सराफा एवं किराना बाजार में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। कांग्रेस नेताओं ने व्यापारियों और आम लोगों से संवाद कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा के निर्देशन में जिला उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत तथा युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुजस्सम नजर (राजू) की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ता सराफा बाजार और किराना दुकानों में पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों और ग्राहकों से बढ़ती महंगाई के असर को लेकर चर्चा की गई।

सराफा व्यापारियों ने बताया कि सोना-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और बाजार में खरीदारी घटने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं किराना व्यापारियों ने खाद्य तेल, दाल, चावल, गैस और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई का सीधा असर आम जनता और बाजार दोनों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र भगत ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य सामग्री तक हर चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुजस्सम नजर (राजू) ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को लगातार बुलंद कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में सामरी मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, कुसमी मंडल अध्यक्ष पंकज दुबे, सरपंच संघ अध्यक्ष संतोष इंजीनियर, ब्लॉक उपाध्यक्ष विजय गुप्ता, वरिष्ठ नेता फरीद खान, ब्लॉक महामंत्री राशिद, सोनू अली, वेदांत भारती, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद अमरनाथ, भूतपूर्व पार्षद छत्रपति, वरिष्ठ कांग्रेसी हसीन, अवधेश, यासीन खान, चंद्रदीप टोप्पो, फूलन भगत, चंद्रभान सोनवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।