भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर/कुसमी,14 अक्टूबर 2025: जिला बलरामपुर के कुसमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई कपड़ा दुकान में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चुराया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस चोरी के मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है।
शाहजहां पिता मोहम्मद मोकिम (38 वर्ष) निवासी ग्राम कृष्णानगर कसमार ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी कपड़ा दुकान जो हुसैन कम्पलेस नगर पंचायत कुसमी मे मौजूद है वहा से करीब ₹40,000 मूल्य का रेडीमेड कपड़ा, बैग और नगद रकम चोरी हो गई है।
प्रार्थी ने बताया कि वह रोजाना की तरह 10 अक्टूबर की रात लगभग 7:30 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। अगली सुबह 11 अक्टूबर को करीब 9 बजे जब न्यू बॉम्बे सेल के संचालक ने फोन पर सूचना दी कि दुकान का शटर टूटा हुआ है, तब मौके पर पहुँचकर देखा तो दुकान का ताला टूटा और शटर आधा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर दुकान से साड़ी, जींस, कुर्ती, टॉप, सूट पीस, बैग, ब्लाउज, दुपट्टा, ट्रॉली बैग समेत करीब ₹38,000 का माल और ₹2,000 नगद गायब था।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 87/2025 धारा 331(4), 305(a) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की, जिसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी बालक से चोरी गया पूरा माल बरामद करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेकर दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को किशोर न्याय बोर्ड, रामानुजगंज में प्रस्तुत किया।














