भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 30 नवम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी कार्य शुरू हो चुका है। इसी के मद्देनज़र जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने सभी नोडल अधिकारियों, निगरानी दलों तथा राजस्व विभाग को अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुपालन में जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज आनंद राम नेताम के नेतृत्व में ग्राम रामचंद्रपुर में राजस्व विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश से आ रहे अवैध धान से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में 70 बोरी धान लोड था, जिसे टीम ने लगभग 4 से 5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ग्राम विमलापुर के जंगल में जब्त किया।

इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी करुण डहरिया के नेतृत्व में ग्राम अमटाही में दो पिकअप वाहनों को पकड़ा गया। झारखंड से लाया जा रहा 105 बोरी अवैध धान इन वाहनों में लोड था। कार्रवाई के बाद तीनों वाहनों को संबंधित थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
ज्ञातव्य है कि बलरामपुर जिले में कोचियों और बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।














