मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। बुधवार सुबह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया, जब कालका एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 श्रद्धालु ट्रेन से कट गए। हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हैं। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसा सुबह करीब 9:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, चोपन से आई एक पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची थी। भीड़ ज्यादा होने के कारण कुछ श्रद्धालु ट्रेन से प्लेटफॉर्म की बजाय दूसरी तरफ ट्रैक पर उतर गए। उसी समय तेज रफ्तार में कालका एक्सप्रेस वहां से गुजरी और श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
ट्रैक पर भयावह दृश्य देखने को मिला। हादसे के बाद पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए गंगा घाट जा रहे थे। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।














