इटावा। जनपद इटावा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बकेवर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी हाल ही में हुई झपटमारी की घटना में शामिल थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक आई-20 कार संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी सुल्तान यादव के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी शिवम उर्फ प्रवीण कुमार मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने नगला महासिंह के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस, 5 ग्राम पीली धातु की गांठ और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 14 फरवरी को बकेवर क्षेत्र में एक महिला से हुई झपटमारी की घटना को कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद पीली धातु और नकदी उसी झपटमारी की घटना से संबंधित बताई जा रही है। घायल आरोपी सुल्तान यादव को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी सुल्तान यादव पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, लूट और अन्य संगीन मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को इटावा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।














