रायबरेली। एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस को यह सफलता वॉच और सर्विलांस टीम की सक्रियता की बदौलत मिली। गिरोह के सदस्य आम लोगों को गुमराह कर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खोलते थे और उनका इस्तेमाल करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शनों में करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 5 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि इनके खातों से अब तक करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया है।
एएसपी संजीव कुमार सिन्हा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी और पुख्ता सबूतों के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
यह कार्रवाई जिले में साइबर अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।














