
इटावा। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद इटावा भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इटावा ने सोमवार को नुमाइश पंडाल तथा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर स्थित हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, हेलीपैड की तैयारियों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
DIG एवं SSP ने सुरक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन एवं जनप्रतिनिधियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन किया जाएगा तथा प्रत्येक बिंदु पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्हें अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।










