शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के पुवायां तहसील में मंगलवार को उस वक्त बड़ा हंगामा खड़ा हो गया जब वकीलों और प्रशासन के बीच टकराव ने शर्मनाक मोड़ ले लिया। ताज़ा मामला एसडीएम पद पर तैनात IAS रिंकू सिंह राही से जुड़ा है, जिनसे वकीलों ने कथित तौर पर कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वकीलों और SDM रिंकू सिंह राही के बीच किसी विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पुवायां तहसील में भारी हंगामा देखने को मिला। आरोप है कि गुस्साए वकीलों ने IAS अधिकारी से जबरन सार्वजनिक रूप से कान पकड़वाकर उठक-बैठक करवाई और माफ़ी मांगने के लिए मजबूर किया।
इस घटना का वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कोट-पैंट और टाई में मौजूद IAS अफसर कान पकड़कर उठक-बैठक कर रहे हैं और आसपास बड़ी संख्या में वकील खड़े हैं।
बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह राही ने हाल ही में पुवायां SDM का चार्ज संभाला है। अब तक इस मामले में प्रशासन या वकील संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।














