उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गुलर बाजार के पास ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक, बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि करीब 20 यात्रियों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है।













