थाना क्षेत्र के गांव नगला गोधन में रविवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। प्लॉट के छप्पर में बंधे तीन मवेशी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। बताया जा रहा है कि विकलांग पड़ोसी युवक ने कूड़े में आग लगाई थी, जो अचानक तेज हवा के चलते फैल गई और छप्पर तक पहुंच गई।

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य छप्पर और घर जलने से बच गए।
इस घटना में पशुपालक रामप्रकाश को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। झुलसे तीनों मवेशियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लिया।












