कुसमी,बलरामपुर 14 अगस्त 2026/कुसमी की सिंचाई कॉलोनी में अकेली रह रही महिला सरस्वती बरगाह की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 41 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतिका का परिचित था और दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से नजदीकी संबंध थे। आपसी विवाद और शक के बाद आरोपी ने महिला के सिर पर कुदारी से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था।
मामले की शुरुआत 04 जुलाई 2026 को हुई, जब मृतिका की बेटी संतोषी बरगाह निवासी थानपारा, कुसमी अपनी मां से मिलने सिंचाई कॉलोनी स्थित घर पहुंची। घर के दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी हुई थी। सिकड़ी खोलकर अंदर जाने पर उसकी मां सरस्वती बरगाह खून से लथपथ हालत में दरवाजे के पास पड़ी मिली। सिर में गंभीर चोट थी और उसकी मौत हो चुकी थी।

रिपोर्ट पर थाना कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं मर्ग जांच में सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
शक की सुई परिचित रतन नगेसिया पर पहुंची..
पुलिस ने मृतिका के परिजनों, गवाहों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान मृतिका के परिचित रतन नगेसिया के घटना के बाद से गायब होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाश के लिए मुखबिर तैनात किए।
13 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रतन नगेसिया को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
शक बना हत्या की वजह..
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुसमी में मजदूरी करता था और करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान सरस्वती बरगाह से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई थी। कुछ समय बाद सरस्वती द्वारा उससे दूरी बनाने पर आरोपी को शक होने लगा कि उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हैं।
पुलिस के अनुसार 02 जुलाई 2026 की शाम दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने कमरे में रखी कुदारी से सरस्वती के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घर का दरवाजा बंद कर बाहर से सिटकनी लगाई और मौके से फरार हो गया।
कुदारी और घटना के समय पहने कपड़े जब्त..
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुदारी एवं घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी रतन नगेसिया पिता गेदा उर्फ गोपाल, निवासी गम्हारडीह, थाना शंकरगढ़ को 13 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी के निर्देशन में थाना कुसमी पुलिस द्वारा की गई।













