भरथना लायन्स क्लब के अध्यक्ष चुने गये देवेंद्र सिंह चौहान,सेवा कार्यों का साझा किया विजन
भरथना: अंतरराष्ट्रीय संस्था लायन्स क्लब के चुनाव अधिकारी गौरल दास नंदवानी की देखरेख में हाल ही में सम्पन्न हुए चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर अपने सेवा कार्यों का विजन साझा किया।

बताया गया कि बुधवार को हुए चुनाव में सर्वसम्मति से देवेंद्र सिंह चौहान को अध्यक्ष, मीना लखवानी को वित्त सचिव तथा अंशु सिंह वर्मा को सचिव पद पर चुना गया है। प्रेस वार्ता के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि क्लब समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएगा और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा बाल कैंसर व कीमो थेरेपी से जूझ रहे बच्चों की सहायता, मोतियाबिंद मरीजों के इलाज, असहाय लोगों के लिए भोजन व्यवस्था तथा वस्त्र वितरण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं श्रवण यंत्र (कान की मशीन) उपलब्ध कराए जाएंगे तथा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा सहायता को भी प्राथमिकता दी जाएगी। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि लायन्स क्लब सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाज के हर वर्ग तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर डॉ. अभिनव दुबे, जमुना दास लखवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.














