शॉर्ट सर्किट से कूलर में लगी आग, इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी की बैटरी फटने से मचा हड़कंप
भरथना: कस्बे के मुहल्ला गिरधारीपुरा गोविंद नगर में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से प्लास्टिक के कूलर में लगी आग। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी व मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान तेज धमाके के साथ स्कूटी की बैटरी फटने से आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग ने घर के फर्नीचर सहित अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद लोगों को दूसरे रास्ते से बाहर निकलना पड़ा।मुहल्लेवासियों की मदद से तीन समर्सिबल पंप चलाकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गोविंद नगर निवासी राजीव कुमार ने बताया कि उनकी कृषि उत्पादन मंडी समिति में आढ़त की दुकान है। रविवार रात करीब 11:30 बजे घर के कमरों के बाहर बने बरामदे में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी,मोटरसाइकिल, कूलर आदि रखे हुए थे। कूलर का तार विद्युत बोर्ड में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से कूलर में आग लग गई। प्लास्टिक का कूलर होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग धीरे-धीरे घर के दरवाजों की चौखट और जंगले को अपनी चपेट में लेते हुए पास में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और मोटरसाइकिल तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए। इसी दौरान तेज धमाके के साथ स्कूटी की बैटरी फट गई। धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग घबरा गए।
घर के अंदर पढ़ाई कर रहे उनके बेटे हर्ष और प्रतीक की नजर जंगले के जरिए बरामदे में रखे सामान में लगी भीषण आग पर पड़ी। कमरों में धुआं भरने से सभी लोग भयभीत हो गए और घर के दूसरे रास्ते से बाहर निकले। इसके बाद विद्युत लाइन का कनेक्शन काटकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। मुहल्लेवासियों की मदद से तीन समर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
राजीव कुमार ने बताया कि जिस कमरे में वह सो रहे थे, उसमें उनकी पत्नी बाला देवी थीं, जबकि बगल वाले कमरे में उनके भाई अनुज कुमार थे। कमरों में धुआं भरने के कारण सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह क्षेत्रीय लेखपाल विपिन कुमार मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का आकलन किया। पीड़ित ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रिक स्कूटी भी आग की चपेट में आकर जल गई।
Atul Kumar-6396163159














