हापुड़। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी मामले में विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में मौलाना साजिद रशीदी के बयान को लेकर महिला कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। महिलाओं ने मंगलवार को हापुड़ एसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मौलाना के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के प्रति इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला कार्यकर्ताओं ने एसपी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें मौलाना पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। फिलहाल, पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।














