भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 26 अगस्त 2025/ बलरामपुर जिले में खाद माफियाओं की शामत आ गई है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के सख्त निर्देश और एसडीएम आनंद नेताम की अगुवाई में गठित संयुक्त टीम ने आज रामचंद्रपुर के ग्राम टिकीदीरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 02 पिकअप में लोड 100 बोरी अवैध यूरिया खाद जब्त कर थाने के हवाले कर दिया। चालकों से जब दस्तावेज मांगे गए तो जनाब कागज दिखाने की बजाय गाड़ी खड़ी कर लेते दिखे!
नारायण कृषि सेवा केंद्र पर भी छापा पड़ा – दुकान में न तो मूल्य सूची चस्पा मिली और न ही नियमों का पालन। नतीजा, दुकान संचालक को नोटिस जारी।

बलरामपुर ब्लॉक में भी कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर दुकानदारों की पोल खोल दी। कहीं पास मशीन का स्टॉक और भौतिक स्टॉक में फर्क मिला तो कहीं किसानों को दिए जाने वाले बिल गायब। सभी को सख्त चेतावनी –
“नियमानुसार बिक्री करो, वरना लाइसेंस होगा सस्पेंड और होगी FIR।”

वाड्रफनगर में हुई दबिश में अजय ट्रेडर्स और पटेल फर्टिलाइजर्स पर गाज गिरी। खासकर अजय ट्रेडर्स में जमकर गड़बड़ी मिली, जिस पर प्रशासन ने सीधा विक्रय पर रोक लगा दी।














