भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,15 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व के मद्देनज़र जिले में अमानक स्तर की मिठाइयों एवं खाद्य सामग्रियों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है।
विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखण्डों में स्थित होटल, डेयरी, किराना दुकानों एवं फल विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच एवं परीक्षण की कार्यवाही की जा रही है।

इसी कड़ी में विभागीय टीम ने राधा मिष्ठान भण्डार, छोटू ढाबा, बिकानेर मिष्ठान भण्डार, कुशवाहा रेस्टोरेंट सहित 32 खाद्य प्रतिष्ठानों से 53 खाद्य नमूने लेकर परीक्षण हेतु भेजे हैं।
अमानक स्तर के खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता एवं प्रमाणित दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।














