भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,कुसमी 24 दिसंबर 2025/ कुसमी विकासखंड अंतर्गत सेरेंगदाग स्थित बालाजी टाइल्स एवं मार्बल कंपनी के खिलाफ स्थानीय ट्रक मालिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। कंपनी पर लोकल वाहन मालिकों की अनदेखी कर बाहरी गाड़ियों से परिवहन कराए जाने और पहले से तय भाड़े में मनमानी कटौती करने का आरोप लगाया गया है। इसी को लेकर 23 दिसंबर 2025 को ट्रक मालिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
ज्ञापन में ट्रक मालिकों ने बताया कि सेरेंगदाग खदान चालू होने के बावजूद परिवहन कार्य में स्थानीय गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जिससे उनकी गाड़ियां खाली खड़ी हैं और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, पूर्व में तय भाड़े में भी कटौती कर जबरन कम दरों पर परिवहन कराया जा रहा है।
ट्रक मालिकों ने बताया कि इस संबंध में 10 दिसंबर 2025 को कंपनी मैनेजर को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला। आरोप है कि जब वे अपनी समस्या लेकर कांटा घर पहुंचे तो वहां मौजूद मैनेजर ने धमकी भरे लहजे में कहा कि कंपनी द्वारा तय भाड़े पर ही गाड़ी चलानी होगी, अन्यथा बाहर की गाड़ियों से काम कराया जाएगा।
ट्रक मालिकों का कहना है कि खदान खुलने से पहले कंपनी प्रबंधन द्वारा स्थानीय लोगों और लोकल गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब वह आश्वासन केवल कागजी वादा बनकर रह गया है।
स्थानीय ट्रक मालिकों ने एसडीएम कुसमी से मामले में हस्तक्षेप कर लोकल गाड़ी मालिकों को प्राथमिकता दिलाने, पूर्व निर्धारित भाड़ा लागू कराने और कंपनी की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ट्रक मालिक अनिल यादव, संजय यादव, अजय प्रताप सिंह (बिक्की), दिलीप मांझी, बृजेश यादव (बीजू), अमर दयाल यादव, रामकिशुन यादव, प्रवीण यादव, आशीष गुप्ता, दीपू यादव, यूसुफ खान सामरी, अतुल गुप्ता, संदीप यादव, दिलीप यादव, सुदीप यादव सहित अन्य ट्रक मालिक उपस्थित रहे।














