भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,कुसमी 24 दिसंबर 2025। आगामी क्रिसमस पर्व एवं नववर्ष 2026 को लेकर थाना परिषद कुसमी में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना रहा। बैठक में तहसीलदार रॉकी एक्का एवं थाना प्रभारी विरासत कुजूर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। उपस्थितजनों से अपील की गई कि क्रिसमस एवं नववर्ष को आपसी प्रेम, शांति और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों से दूरी बनाए रखें।

थाना प्रभारी विरासत कुजूर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान नशाखोरी, तेज रफ्तार बाइक चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निरंतर गश्त एवं निगरानी की जाएगी, जिसमें आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
वहीं तहसीलदार रॉकी एक्का ने सभी समुदायों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर होते हैं, ऐसे में सभी का सहयोग प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है।
बैठक के अंत में तहसीलदार रॉकी एक्का एवं थाना प्रभारी विरासत कुजूर द्वारा उपस्थित सभी नागरिकों को क्रिसमस एवं नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मो. शमीम, भाजपा नेता प्रदीप गुप्ता, पूर्व कांग्रेस पार्षद ललित निकुंज, युवा नेता दीपक बुनकर, गुलाम रब्बानी, नईमुद्दीन खान, शांति कुजूर, जीएल चर्च रातासीली से सिस्टर संध्या तिग्गा, सिस्टर कमीला तिग्गा, नील कुसुम तिर्की, मनोज खेस, एस.डी. लकड़ा, प्रीस्ता तिर्की, सहदेव आयाम, संदीप कुजूर, मुदन गुप्ता सहित आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।














