अहेरीपुर बाजार में थाना प्रभारी का पैदल भ्रमण, सीसीटीवी कैमरों की जांच

अहेरीपुर (इटावा)।
चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी बकेवर विपिन कुमार मलिक द्वारा आज अहेरीपुर बाजार का पैदल भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने दुकानों पर जाकर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं और वे चालू स्थिति में हैं या नहीं, इसकी जांच की।
थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक ने दुकानदारों से बातचीत कर कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर कैमरे अवश्य लगवाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस मौके पर अहेरीपुर चौकी इंचार्ज धीरेंद्र पटेल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की सक्रियता से बाजार में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने वाला बताया।












