बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में अनूठा प्रदर्शन, आठ पदाधिकारियों ने कराया सिर मुंडन

हापुड़।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में बुधवार को हापुड़ में राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश महिला ब्रिगेड की अध्यक्ष सुमन त्यागी के नेतृत्व में संस्था के आठ पदाधिकारियों ने नगरपालिका परिषद हापुड़ स्थित शहीद स्तंभ पर सिर मुंडन कराकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू समाज पर लगातार हमले, लूटपाट और जबरन पलायन की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। सिर मुंडन कराकर उन्होंने केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़ित हिंदुओं को सुरक्षा देने की मांग उठाई। बाद में संस्था की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए कूटनीतिक दबाव बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
महिला ब्रिगेड अध्यक्ष सुमन त्यागी ने कहा कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं होते, तब तक संस्था का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त विरोध है, ताकि पीड़ित हिंदुओं की आवाज दबने न पाए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।












