तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
भरथना : तुरैया माइनर ग्राम नगला भगत पुलिया के समीप तेज रफ्तार में जा रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मारकर घायल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लिया। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला ताल व हाल पता तहसील के समीप निवासी ओमकार यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उनका पुत्र मोहित यादव ग्राम भोली में चल रहे कार्य को देखकर अपनी बाइक से घर वापस लौट रहा था जैसे ही वह ग्राम नगला भगत पुलिया के समीप पहुंचा तभी इधर भरथना की ओर से तेज रफ्तार में जा रही कार चालक ने तेज व लापरवाही से चलते हुए मेरे पुत्र की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बीच सड़क पर गिर पड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार तीन चक्कर खाकर कुछ दूरी पर जाकर पलट गई। तभी कार चालक मौके का फायदा उठाकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे बेर चौकी प्रभारी बृजनंदन सिंह ने कार को कब्जे में लेकर थाने ले आए। ओमकार ने बताया कि मोहित के पैर व शरीर में गंभीर चोट आई है जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है।













