कुसमी,बलरामपुर 19 अप्रैल 2026/ बलरामपुर जिले के कुसमी नगर पंचायत में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मेन रोड स्थित रहमानी खैनी दुकान संचालक हाजी नसीम रहमानी की दुकान में सुबह करीब 5 बजे भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा खैनी, फर्नीचर और अन्य सामान चंद मिनटों में जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत कुसमी की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना आसपास की दुकानों तक आग फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।