भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर सैफी आलम (सैफ)
कुसमी,बलरामपुर 17 मई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव के आदेश पर रविवार को कुसमी ब्लॉक मुख्यालय में पेट्रोल-डीजल तथा आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चरणबद्ध आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष राजेंद्र भगत व युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुजस्सम नजर (राजू) की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और किल्लत के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने कहा कि पेट्रोल भरवाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, वहीं कई बार पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र भगत ने कहा कि लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों से किसान, मजदूर, व्यापारी एवं मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है और आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मुजस्सम नजर (राजू) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और ईंधन संकट से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता की आवाज को लगातार उठाते रहेंगे।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सामरी मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, कुसमी मंडल अध्यक्ष पंकज दुबे, वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद वाहिद अली, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मिथलेश गुप्ता, ब्लॉक महामंत्री वेदांत भारती, उदय भट्टाचार्य, अभिषेक गुप्ता, युकुब खान, अशफाक खान, तबरेज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।